चौपाल में जिला परिषद सदस्य नीमा जस्टा पंचायती राज संस्थाओं के अधिकारियों प्रतिनिधियों के सा
बीडीओ कार्यालय चौपाल में समीक्षा बैठक, जिला परिषद सदस्य ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू) । सरांह वार्ड से जिला परिषद सदस्य नीमा जस्टा ने बीडीओ कार्यालय चौपाल के सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में सरांह वार्ड से संबंधित सभी 21 पंचायतों के सचिवों व तकनीकी सहायकों ने भाग लिया। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी चौपाल विनीत ठाकुर भी विशेष तौर पर उपस्थित हुए। इस दौरान जिला परिषद सदस्य नीमा जस्टा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंजूर राशि को समय पर उचित उपयोग किया जाए। इसके अलावा दो वर्षों चल रहे कार्योें को जल्द पूरा किया जाए। साथ ही इन कार्यों की रिपोर्ट तैयार की जाए। जिप सदस्य नीमा जस्टा ने कहा कि अभी तक जिला परिषद निधि से वार्ड में करीब एक करोड़ रुपये की धनराशि विभिन्न विकास कार्य के लिए स्वीकृत की गई है। उन्होंने बैठक में सभी सचिवों व तकनीकी सहायकों से अनुरोध किया कि जिस कार्य के लिए जो राशि स्वीकृत की गई है, उस कार्य को समय पर गुणवतापूर्वक पूरा किया जाए। इसके अलावा यदि स्वीकृत राशि से कोई कार्य नहीं हो पा रहा है, तो क्षेत्र अधिकारी उसकी वास्तविकता एवं प्रति सत्यापन करके धनराशि को वापस किया जाए। नीमा जस्टा ने बीडीओ चौपाल से भी आग्रह किया कि ऐसे कार्य, जिसमें अतिरिक्त धन की आवश्यकता है, उसके लिए अन्य स्कीमों जैसे मनरेगा के साथ जोड़ा जाए, ताकि कार्य पूर्ण हो सके। नीमा जस्टा ने कहा कि अभी उनकी दो शेल्फों के अंतर्गत 40 लाख रुपये की राशि शेष है। इसके अंतर्गत भी लंबित कार्य को पूर्ण किया जा सकता है। उन्होंने बीडीओ से आग्रह किया कि आगामी मार्च माह में एक और बैठक बुलाई जाए, ताकि कार्य की प्रगति का मुल्यांकन इसी वित्तीय वर्ष में किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस दौरान वह विभिन्न पंचायतों का दौरा कर स्वयं भी लाभार्थियों से संपर्क करेंगी। इस मौके पर कई पंचायतों के प्रधानों और उपप्रधानों ने भी भाग लिया।