ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे लोग, स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बटोरी वाहवाही
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। उपमंडल आनी की देउरी पंचायत के प्रसिद्ध देउरी माता मंदिर परिसर में तीन दिवसीय 20 शौज मेला मनाया गया। मेले का समापन दो देवताओं देउरी नाग और कुलक्षेत्र महादेव की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। यह ऐतिहासिक मेला 28 साल के बाद बाद फिर से शुरू किया गया है। साल 1997 में कुछ कारणों से यह मेला बंद हो गया था, लेकिन इस साल क्षेत्र की आराध्य देवी पछला माता के आदेशानुसार इसे फिर से शुरू किया गया। मेले के पहले दिन देव झांकियों, पारंपरिक नृत्य, ढोल-नगाड़ों की थाप और लोकगीतों की मधुर धुनों ने माहौल को भक्तिमय बनाया। मेला कमेटी की ओर से दो दिवसीय सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया गया। इसमें महिला मंडलों, स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी बंसी लाल मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर कांग्रेस पूर्व महासचिव सतपाल, किशोरी लाल, आशीष पॉल, संजय मार्कंडेय, राधा कृष्ण, विनोद कुमार, गीता राम, कारदार ईश्वर दास, मेला कमेटी के प्रधान मस्त राम ठाकुर और मंदिर कमेटी के प्रधान बालकृष्ण सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।