आयुष विभाग की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
काजा(लाहौल स्पीति)। आयुष विभाग के उपनिदेशक मंडी जोन डॉ. राजन सिंह ने स्पीति प्रवास के दौरान कार्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के मूलभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्ठा और समर्पण से कार्य करने का आह्वान किया। डॉ. राजन सिंह ने लोक निर्माण विभाग को मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। सोमवार को राजन सिंह ने उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, काजा का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खूरिक का भी दौरा किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को यहां चल रहे मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। पुनर्निर्माण कार्य में भी तेजी लाने को कहा गया। राजन सिंह ने आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र गियू का निरीक्षण किया। उन्होंने शिचलिंग, हुरलिंग, लोसर और चिचम के केंद्रों का भी दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी सुरेश कुमार उपस्थित रहे। उनके साथ सचिन भी मौजूद रहे। डॉ. राजन सिंह की अध्यक्षता में काजा उपमंडल के संस्थानों के प्रभारियों की एक बैठक हुई। इस बैठक में आयुष विभाग की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न आयुष संस्थानों में स्टाफ की कमी पर चर्चा हुई। निर्माण संबंधी समस्याओं के बारे में भी विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी सुरेश कुमार ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयुष विभाग स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न कार्यक्रमों को क्षेत्र में चला रहा है। उपनिदेशक ने क्षेत्र के विभिन्न आयुष स्वास्थ्य संस्थानों को आयुष आरोग्य मंदिर के रूप में स्तरोन्नत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।