रिकांगपिओ में अग्नि सुरक्षा पर मॉक ड्रिल एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित
विज्ञापन
डीडीएमए का उद्देश्य आपदा से पहले, उसके दौरान और बाद में प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना : तोमर संवाद न्यूज़ एजेंसी रिकांगपिओ (किन्नौर)।
जिला प्रशासन किन्नौर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के संयुक्त तत्वावधान में वीरवार को महात्मा गांधी पार्क रिकांगपिओ में अग्नि सुरक्षा पर मॉक ड्रिल एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। उपायुक्त किन्नौर सोनाक्षी सिंह तोमर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में आग की घटनाओं से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान अग्निशमन केंद्र रिकांगपिओ के अधिकारी सुंदर नेगी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने भी आग बुझाने का प्रशिक्षण लिया। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए आग बुझाने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही आग में झुलसे व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने और आपात स्थिति में स्वयं सहित अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों की जानकारी भी दी। उन्होंने उपकरणों के संचालन और उपयोग की प्रक्रिया को समझा। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन की दृष्टि से इस प्रकार का व्यावहारिक प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है। अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए नियमित प्रशिक्षण आवश्यक है। प्रतिभागियों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम लेना चाहिए। कार्यशाला में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की भूमिका एवं कार्यों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि डीडीएमए का उद्देश्य जिले में आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करना और आपदा से पहले, उसके दौरान तथा बाद में प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना है। इसके तहत आपदा प्रबंधन योजनाएं तैयार करने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने, प्रशिक्षण देने, जनजागरूकता अभियान चलाने और मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयारियों का आकलन करने जैसे कार्य किए जाते हैं। इसके अलावा, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से आपदाओं से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान, परिस्थितियों की निगरानी और संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाता है, ताकि आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किए जा सकें। इस मौके पर सहायक आयुक्त-उपायुक्त विपन कुमार ठाकुर, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के समन्वयक रजनीश, प्रशिक्षण समन्वयक सौरभ सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रिकांगपिओ में आपदा से निपटने के गुर सिखाते अग्रिशमन विभाग के अधिकारी। स्रोत : डीपीआरओ