चौपाल (रोहड़ू)। उद्यान विभाग चौपाल में बागवानों को उन्नत प्रजाति के फलों के पौधे उपलब्ध करवा रहा है। विभाग के विशेषज्ञ सुरेंद्र जस्टा ने बताया कि बागवानों के लिए विभागीय नर्सरी अणु, दत्तनगर, चौपाल, धुरला फार्मा मड़ावग, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शिलारू, थियान बाग नर्सरी के अलावा नौणी यूनिवर्सिटी से फलों के उन्नत किस्म के पौधे मंगवाए गए हैं। इसके अलावा उद्यान विभाग के उप निदेशक सुदर्शना नेगी के निर्देश पर बागवानों की मांग पर नर्सरी प्रबंधन समिति की ओर से हमीरपुर से अनार, अखरोट, मंडी जिला के भंगरोटू से सेब की विभिन्न उत्तम किस्म के रूट स्टॉक और करसोग पीसीडीओ से सेब के साथ नाशपाती के पौधे मंगवाए जाएंगे । चौपाल में पीसीडीओ चौपाल (नर्सरी), उद्यान प्रसार अधिकारी कार्यालय नेरवा एवं उद्यान प्रसार अधिकारी कार्यालय कुपवी में जनवरी के पहले हफ्ते से पौधों का वितरण शुरू कर दिया गया है ।