बाजार होकर एसडीएम कार्यालय तक निकाली आक्रोश रैली, एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
रामपुर में पुरोहित मंदिर के समक्ष विभिन्न वक्ताओं ने जनता को किया संबोधित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बांग्लादेश में हिंदुओं और अल्पसंख्यकों पर हो अत्याचार के विरोध में बुधवार को हिंदू रक्षा मंच रामपुर के बैनर तले विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ पुरोहित मंदिर रामपुर बाजार से पुराने बस अड्डे होते हुए एसडीएम कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली गई। रैली के बाद एसडीएम रामपुर निशांत तोमर के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन भेजा गया। बुधवार को रामपुर में बांग्लादेश में हिंदुओं और अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न, नरसंहार के विरोध में हिंदू रक्षा मंच रामपुर की ओर से आयोजित आक्रोश रैली में हजारों लोगों सहित दो दर्जन धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं और आम जनता ने भाग लिया। आक्रोश रैली में रामपुर, ज्यूरी, सराहन, झाकड़ी, कुमारसैन,आनी, निरमंड, ननखड़ी और दलाश सहित विभिन्न क्षेत्रों सहित बुशहर देव समाज, आर्ट आफ लिविंग, हिंदू दुर्गा वाहिनी, विश्व हिंदू परिषद, सेवा भारती, सत्यनारायण न्यास, गायत्री परिवार, एकल अभियान, मंदिर कमेटियों के प्रधानों ने भाग लिया। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख प्रताप समयाल ने कहा कि बांग्लादेश की घटना के पीछे कई षड्यंत्रकारी शक्तियां काम कर रही हैं। उन्होंने हिंदुओं से संगठित होकर रहने का आह्वान किया। बुशहर देव समाज के अध्यक्ष प्यारे लाल ने कहा कि बांग्लादेश के कार्यवाहक प्रशासक मोहम्मद यूनुस का शांति नोबेल पुरस्कार वापस लिया जाए। यूनुस के बांग्लादेश की कमान संभालने के बाद हिंदू और अल्पसंख्यकों की हत्याएं, मंदिर घर जलाने की घटनाएं निरंतर हो रही हैं। आर्ट ऑफ लिविंग के ललित भारती, सहित सभी संगठनों के लोगों के प्रतिनिधियों ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का पुरजोर विरोध किया। हिंदू रक्षा मंच के संयोजक विनय शर्मा ने कहा कि सभी संगठनों ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचार पर रोक लगाने की मांग उठाई है। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रामपुर विभाग के संघ चालक अश्विनी सोनी, जिला संघचालक अनिल वर्मा, जिला कार्यवाह रवि कांत, विभाग प्रचारक शिव कुमार, अनिता देवी, सुरेश मेहता, विष्णु शर्मा, जीवन नेगी, मस्त राम कपाटिया और केवल राम सहित कई अन्य मौजूद रहे।