कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई में गैस एजेंसी के कार्यालय को वर्तमान स्थान से बदलकर सड़क के पास सुविधाजनक स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठी है। ग्रामीणों का कहना है कि गैस एजेंसी का कार्यालय चार मंजिला भवन की चौथी मंजिल पर होने के कारण उपभोक्ताओं, विशेषकर बुजुर्गों और शारीरिक रूप से असमर्थ लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण काविंद्र कंवर, राजेश चौहान, ज्ञान चंद, विजय चौहान, भगत राम, तेज राम और बालक राम ने बताया कि गैस संबंधी कार्यों के लिए लोगों को बार-बार कार्यालय जाना पड़ता है। चौथी मंजिल तक सीढ़ियों से पहुंचना बुजुर्गों के लिए मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा कार्यालय के पास पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने से वाहन लेकर आने वाले उपभोक्ताओं को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि गैस एजेंसी कार्यालय को सड़क के पास ऐसे स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, जहां लोगों को आसानी से पहुंचने की सुविधा हो और वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं, विशेषकर बुजुर्गों को राहत मिलेगी।