बागवानों ने कहा, सेब की बोरियों की धनराशि जल्द दी जाए
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। उपमंडल क्षेत्र के पंचायत कुई, खंगटेड़ी और भलाड़ा में बुधवार को हुई भारी ओलावृष्टि ने किसानों-बागवानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। सेब, मटर और आलू की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इससे किसानों-बागवानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए किसान कल्याण संघ रोहड़ू ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा और प्रभावित किसानों-बागवानों के लिए तत्काल मुआवजे की मांग उठाई है। ज्ञापन में कहा गया कि इस वर्ष पहले ही फसलों की पैदावार कम रहने से किसान चिंतित थे। वहीं, अब अचानक हुई ओलावृष्टि ने उनकी परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया है। किसानों-बागवानों का कहना है कि बागवानी और खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और फसलों के नुकसान से परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसान कल्याण संघ के महासचिव अमृत फिष्टा ने कहा कि एचपीएमसी में जमा सेब की बोरियों का भुगतान अभी तक बागवानों को नहीं हुआ है। इसके अलावा क्षेत्र में यूरिया खाद की कमी से किसान-बागवान खेतीबाड़ी के कार्यों में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तुरंत सर्वे करवाकर किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही एचपीएमसी के लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने और किसानों को समय पर यूरिया खाद उपलब्ध करवाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए जाएं ताकि किसानों को राहत मिल सके।