जुब्बल मे एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजते भाजपा कार्यकर्त्ता। संवाद
एसडीएम के माध्यम से भेजा ज्ञापन, भाजपा ने गिनाईं समस्याएं
संवाद न्यूज़ एजेंसी
रोहड़ू। भाजपा मंडल जुब्बल मंडल ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा है। इसमें क्षेत्र की गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए हस्तक्षेप करने मांग उठाई है। इस अवसर पर भाजपा नेता चेतन बरागटा विशेष रूप से उपस्थित रहे। चेतन बरागटा ने कहा कि चार साल से जुब्बल क्षेत्र में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। राजनीतिक द्वेष के कारण पूर्व सरकार की ओर से शुरू किए गए कार्य रोक दिए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों पर अनुचित राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। नगर पंचायत जुब्बल में सचिव और कर्मचारियों की ओर से अनदेखी की जा रही है। तीन करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत कार पार्किंग के निर्माण का कार्य लटक गया है। संपर्क सड़कों की हालत खराब है। एचपीएमसी के सेब कलेक्शन केद्रों में बोरियों को उठाने की व्यवस्था न होने से सेब को नुकसान हो रहा है। सरस्वतीनगर में सिंथेटिक ट्रैक का काम अधूरा है। लोग स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के कारण साधारण उपचार के लिए भी शिमला जाने के लिए मजबूर हैं। आपदा राहत वितरण में भेदभाव और पक्षपात हो रहा है। पेयजल आपूर्ति की अव्यवस्था सहित कई मुद्दों को राज्यपाल के समक्ष रखा गया है। बरागटा ने कहा कि इन समस्याओं के कारण जुब्बल क्षेत्र की जनता अत्यधिक परेशान है, लेकिन सरकार और स्थानीय मंत्री मौन साधे हुए हैं। उन्होंने राज्यपाल मांग की है कि सरकार को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं ताकि जुब्बल की जनता को राहत मिल सके।