दरकाली पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में मौजूद ग्रामीण। स्रोत : पंचायत
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का होगा सत्यापन
वन अधिकार अधिनियम के तहत अनापत्ति प्रस्तावों पर भी चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की दरकाली पंचायत में प्रधान फूला सिंह की अध्यक्षता में ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा में पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी वित्त वर्ष की वार्षिक कार्ययोजना को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में पिछली ग्रामसभा की कार्यवाही की पुष्टि के बाद मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत पहले से नौवें चरण तक सर्वेक्षण में चिह्नित परिवारों की सूचियों के अंतिम सत्यापन पर विचार किया गया। इसके अलावा इमारती लकड़ी वितरण के लिए लाभार्थियों के चयन और परिवार रजिस्टर में अलग खाता खोलने से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। ग्रामसभा में स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता के लिए वर्ष 2025 के कानून को अपनाने और लागू करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। वहीं, वित्त वर्ष 2027-28 के लिए वीबी-जी रामजी योजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों की सूची को स्वीकृति दी गई। इसके अतिरिक्त वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत विभिन्न विकास कार्यों के लिए अनापत्ति प्रस्ताव पारित करने पर चर्चा हुई। सदस्यों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी अपने सुझाव रखे। इस मौके पर उपप्रधान टेक सिंह बदरेल सहित पंचायत के कई सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।