रोहड़ू। कोटखाई-नावर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुंदर डोगरा ने कहा कि वर्ष 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए जुब्बल और कोटखाई में अलग-अलग एसडीएम कार्यालय स्थापित किए थे। अब कोटखाई में राजस्व रिकॉर्ड लाने में शिक्षा मंत्री को तीन वर्ष लग गए, जबकि यह कार्य छह महीने के भीतर पूरा हो सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से जानबूझकर देरी की गई, ताकि बाद में इसका श्रेय स्वयं लिया जा सके। सब जज कोर्ट के क्रियान्वयन के मुद्दे पर डोगरा ने कहा कि जहां एसडीएम कार्यालय स्थापित हो जाता है, वहां अन्य विभागों के सब डिविजन कार्यालय भी अनिवार्य रूप से होने चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री इस विषय में जनता को गुमराह कर रहे हैं। कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के विकास कार्यों को अपनी उपलब्धि बताना हास्यास्पद है। जिन सड़कों का निर्माण पूर्व भाजपा सरकार और दिवंगत नेता नरेंद्र बरागटा के प्रयासों से हुआ, उन पर दो दिन मशीन भेजकर श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है। यहां तक कि जनता ने अपने पैसे एकत्र कर बनाई गई संपर्क सड़कों का श्रेय लेने से भी मंत्री पीछे नहीं हट रहे। जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका उचित जवाब देगी।