आनी के कराणा गांव में पहुंचे देवता व्यास ऋषि का किया भव्य स्वागत। संवाद
देवता के गांव पहुंचने पर महिलाओं ने नैवेद्य चढ़ाया और मंगल गीत गाए
आनी (कुल्लू)। सिराज उत्सव से लौट रहे देवता व्यास ऋषि का बुधवार को कराणा गांव में भव्य स्वागत किया गया। देवता के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। देवता व्यास ऋषि का दिव्य रथ जैसे ही कराणा गांव पहुंचा, तो ग्रामीणों ने वाद्ययंत्रों की धुनों पर देवता का स्वागत किया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज धजकर देवता के स्वागत के लिए पहले से तैयार थीं। उन्होंने देवता को नैवेद्य चढ़ाया और मंगल गीतों के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कराणा मंदिर के अध्यक्ष तारा चंद शर्मा ने बताया कि देवता व्यास ऋषि का रात्रि ठहराव शमशरी महादेव मंदिर कराणा में होगा, जहां पूरी रात भजन-कीर्तन और देव आराधना का आयोजन किया जा रहा है। देवता के कारदार इंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि कराणा गांव में रात्रि विश्राम के बाद देवता व्यास ऋषि वीरवार को बागी गांव के लिए प्रस्थान करेंगे।