रोहड़ू पीओ सेल ने पकड़ा आरोपी, कार्रवाई जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पुलिस ने रोहड़ू के जुनीधार से उद्घोषित अपराधी सुरेंद्र कुमार नेगी को गिरफ्तार किया। सुरेंद्र नेगी दो चेक बाउंस मामलों में न्यायालय की ओर से उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। इन मामलों में कुल 1.40 लाख रुपये की चेक राशि शामिल थी। पुलिस थाना रोहड़ू की पीओ सेल टीम ने 46 वर्षीय सुरेंद्र कुमार नेगी को पकड़ा। उसके खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत दो मामले दर्ज थे। इनमें गोपी चंद बनाम सुरेंद्र कुमार नेगी और गुलाब ठाकुर बनाम सुरेंद्र कुमार नेगी के मामले शामिल हैं। ये मामले क्रमशः एसीजेएम रोहड़ू और जेएमआईसी आनी, कुल्लू में चल रहे थे। नेगी को 26 नवंबर 2019 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को संबंधित न्यायालयों के समक्ष पेश किया गया। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस शिमला उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत ऐसे अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। यह गिरफ्तारी इसी अभियान का हिस्सा है। पुलिस का लक्ष्य कानून व्यवस्था बनाए रखना और न्याय सुनिश्चित करना है।