दस पंचायतें प्रभावित, शिक्षा मंत्री दे जवाब: अशोक जस्टा
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। उबादेश क्षेत्र की गुम्मा–बाघी सड़क पर लंबे समय से मलबे को नहीं हटाया जा रहा है। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। बाघी, रटनाड़ी, क्लबोग, क्यारवी, चौगन, कुलटी, नगान, रामनगर और रावलाक्यार समेत लगभग 10 पंचायतों के लोग प्रतिदिन परेशानी झेल रहे हैं। बड़े वाहनों और बसों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। भाजपा जिला महासू के सचिव अशोक जस्टा ने सरकार और विभाग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लाइफ लाइन कही जाने वाली सड़क पर महीनों से मलबा पड़ा है। इसके बाद सुधार कार्य भी ठप पड़े हैं। यहां के विधायक एवं शिक्षा मंत्री लोगाें को जवाब दें। आजकल वह सिर्फ पूर्व सरकार के समय बनी योजनाओं के उद्घाटन करने में व्यस्त हैं। उबादेश की जनता को मूलभूत सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकता में कहीं दिखाई नहीं देती। आरोप लगाया कि दस पंचायतों के लोग सड़क, बस सेवा और आपातकालीन सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं और मंत्री सिर्फ रिबन काटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क से मलबा तुरंत हटाया जाए और संपर्क सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता पर की जाए।