नेरवा पुलिस थाने पर भारी बारिश का कहर, भूस्खलन से आवासीय भवन क्षतिग्रस्त
विज्ञापन
मलबा गिरने से थाना प्रभारी राम लाल शर्मा के निवास को भारी नुकसान पहुंचा हादसे के समय आवासीय भवन में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था संवाद न्यूज एजेंसी नेरवा (रोहड़ू)। भारी बारिश के कारण नेरवा पुलिस थाने का आवासीय भवन भूस्खलन की चपेट में आ गया। पहाड़ी से मलबा गिरने से थाना प्रभारी राम लाल शर्मा के निवास को भारी नुकसान पहुंच है। गनीमत रही कि हादसे के समय आवासीय भवन में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यह भूस्खलन सुबह करीब 10 बजे हुआ। पुलिस चौकी के आवासीय भवन के पीछे वाली पहाड़ी से एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिरा। यह मलबा बारिश के पानी के साथ बहकर थाना प्रभारी राम लाल शर्मा के निवास की पिछली खिड़की तोड़कर अंदर घुस गया। थाना प्रभारी का पूरा आवास कीचड़, मलबे और पानी से भर गया। राम लाल शर्मा ने बताया कि हादसे के वक्त वह कमरे में नहीं थे। पुलिस चौकी के पीछे बनी पानी की निकासी की नालियां भी मलबे से पूरी तरह भर गई हैं। पहाड़ी से मलबा गिरने के बाद थाने का भवन और आवासीय परिसर अब खतरे की जद में आ गया है। बारिश होने पर पहाड़ी से और मलबा टूटकर थाने के भवन पर गिरने का अंदेशा है। नालियों के अवरुद्ध होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। इससे पानी की निकासी बाधित हो गई है। पुलिसकर्मियों के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन गई है। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन को तत्काल कदम उठाने की जरूरत है। मलबे को हटाने और नालियों को साफ करने का कार्य प्राथमिकता पर होना चाहिए। भवन की संरचनात्मक सुरक्षा का आकलन भी आवश्यक है। भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए पहाड़ी के स्थिरीकरण पर विचार किया जाना चाहिए। स्थानीय प्रशासन को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करनी होगी।
खिड़की तोड़ कर थाना प्रभारी के नेरवा निवास में घुसा मलबा। संवाद