पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा, 18 अगस्त को घर से बगीचे को निकली थी युवती
संवाद न्यूज एजेंसी
पूह (किन्नौर)। ज्ञाबुंग गांव से लापता युवती का शव चार दिन बाद रोपा खड्ड से बरामद हुआ है। बुधवार को युवती का शव मिलने के बाद पीएचसी ज्ञाबुुंग पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त को युवती घर से दोपहर करीब 1:00 बजे बगीचे की ओर चली गई थी। शाम को घर नहीं पहुंची, तो परिजन परेशान हो गए। हर जगह तलाश करने के बाद 19 अगस्त को परिजनों ने पूह थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। तीन दिन तक पुलिस और स्थानीय लोगों ने हर जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को रूशकुलंग गांव के समीप रोपा खड्ड में पानी का स्तर कम होने के कारण युवती का शव बरामद हुआ। पुलिस थाना पूह से मिली जानकारी के अनुसार शव की पहचान कुमारी सीता देवी, करीब 30 वर्ष, पुत्री राम सिंह परला, गांव ज्ञाबुंग, तहसील पूह, जिला किन्नौर के तौर पर हुई है। डीएसपी रिकांगपिओ नवीन जाल्टा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा दिया है। फिलहाल, प्राथमिक जांच में किसी भी तरह कोई शिकायत नहीं मिली है।