दत्तनगर पंचायत ने बैठक में लिया निर्णय, नशे में फंसे युवाओं को सुधारने में करेंगे सहयोग
पंचायत प्रधान बोलीं- चिट्टे के खिलाफ गवाही देने से भी पीछे नहीं हटेंगीं
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। दत्तनगर पंचायत के निरसू गांव में नशे के खिलाफ जागरूकता बैठक हुई। बैठक में पंचायत क्षेत्र में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई गई और इसके खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प लिया गया। बैठक में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर के प्रधानाचार्य राजेश परमार भी उपस्थित रहे। बैठक में पंचायत प्रधान वीना नेगी ने कहा कि दत्तनगर पंचायत के कुछ युवाओं का नशे की गिरफ्त में आना बेहद चिंताजनक है। नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को कई बार सामाजिक विरोध का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब इस मुद्दे पर चुप बैठना उचित नहीं है। उन्होंने घोषणा की है कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने और इसके विरुद्ध संघर्ष करने वाले लोगों को पंचायत की ओर से 26 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा। पंचायत प्रधान ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि वह चिट्टा तस्करी और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ गवाही देने से भी पीछे नहीं हटेंगीं। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो युवा नशे की गिरफ्त में हैं और इससे बाहर निकलना चाहते हैं, पंचायत उनकी हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ पंचायत के प्रयासों में सहयोग नहीं करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रिश्तेदारी से ऊपर उठकर समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने और युवाओं को इस बुराई से दूर रखने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।