पहली बर्फबारी ने सरकार के बर्फ से निपटने की तैयारियां की खोल दी पोल
वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था को दुरुस्त रखकर दूध टैंकर की आवाजाही जारी रखे सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सरकार की अव्यवस्था के चलते मिल्क प्लांट दत्तनगर में तीन दिन से दूध आपूर्ति बंद कर दी गई है। इस कारण दुग्ध उत्पादकों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने कहा कि बर्फबारी के कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग-पांच नारकंडा में अवरुद्ध हो गया है। इस कारण मिल्क प्लांट दत्तनगर के दूध संयंत्र टैंकर बीच में फंसे हुए हैं। वहीं, मिल्क प्लांट में दुग्ध उत्पादकों से दूध लेने को मना किया है। उन्होंने कहा कि पहली बर्फबारी ने ही सरकार और लोक निर्माण विभाग के बर्फबारी से निपटने की तैयारियों की पोल खोल दी है। सरकार को वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था दुरुस्त रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रामपुर से वैकल्पिक मार्ग बसंतपुर-मशोबरा बहाल है, यहां से दूध के टैंकर की आवाजाही की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता के चलते आम जनता और पशुपालक असुविधा का सामना करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार दुग्ध उत्पादकों की चिंता करे और बाधित सड़कों को युद्धस्तर पर बहाल करे। वैकल्पिक मार्ग से जल्द दूध आपूर्ति को सुचारु कर दुग्ध उत्पादकों को राहत प्रदान करे। उन्होंने कहा कि सरकार को समझना चाहिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर ग्रामीण दूध बेचकर अपनी आजीविका कमा कर परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि दुग्ध उत्पादकों को उनकी दूध आपूर्ति में किसी भी प्रकार की दिक्कत पेश न आए और दूध की आपूर्ति चलती रहे।