नित्थर (कुल्लू)। आनी विधानसभा क्षेत्र के नित्थर, दलाश, जलोड़ी और निरमंड समेत कई क्षेत्रों के दूध उत्पादक दूध की गाड़ी न आने से भारी दिक्कतें झेल रहे हैं। दुग्ध उत्पादकों का हजारों लीटर दूध खराब हो रहा है। भाजपा मंडल दलाश के अध्यक्ष विवक वर्मा ने जारी बयान में कहा कि दुग्ध उत्पादक खासे परेशान हैं। आखिर यह कैसा व्यवस्था परिवर्तन है। गरीब किसानों और दुग्ध उत्पादकों को जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है। पेमेंट भी चार महीनों तक नहीं मिल रही है, जिससे दुग्ध उत्पादकों को गाय के लिए फीड, चोकर सहित दवाइयां लेना मुश्किल हो रहा है। भाजपा मंडल दलाश के अध्यक्ष विवेक वर्मा का कहना है कि जब हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार थी, उस समय भी आउटर सिराज के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फ पड़ी थी। भाजपा सरकार ने कभी भी दुग्ध उत्पादकों का दूध नहीं रोका। सड़कें बर्फ से बंद हुईं। एनएच-पांच नारकंडा भी यातायात के लिए बंद हुआ, लेकिन सुन्नी होकर दूध की गाड़ियों की आवाजाही हुई। उन्होंने कहा कि हिमाचल मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर भी आनी विधानसभा क्षेत्र के बागीपुल इलाके से आते हैं। इसके बावजूद दुग्ध उत्पादक परेशानी झेलने को मजबूर हैं।