एसडीएम कार्यालय में 15 अगस्त की तैयारियां को लेकर बैठक में चर्चा करते एसडीएम रामपुर निशांत तोमर
समेज त्रासदी के मद्देनजर प्रशासन ने बैठक में लिया फैसला, सर्च ऑपरेशन में जुटे जवान किए जाएंगे सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में खंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। हाल ही में रामपुर के समेज में आई त्रासदी के मद्देनजर प्रशासन ने यह फैसला लिया है। सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को लेकर एसडीएम रामपुर निशांत तोमर की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि खंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के मैदान में होगा। खंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर मार्चपास्ट, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और देशभक्ति गीत पर आधारित कुछ ही कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि हिमाचल पुलिस, एनसीसी और स्थानीय पाठशालाओं के बच्चे मार्चपास्ट में भाग लेंगे। बैठक में फैसला लिया गया कि 31 जुलाई की आधी रात को रामपुर खंड के तहत सरपारा पंचायत के समेज गांव में आई भारी त्रासदी को देखते हुए खंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। एसडीएम निशांत तोमर ने कहा कि समेज त्रासदी के सर्च ऑपरेशन में भाग लेने वाले सेना, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, हिमाचल पुलिस, होमगार्डस, एसडीआरएफ और अग्निशमन सहित अन्य सभी एंजेसी, जिन्होंने इस सर्च ऑपरेशन में भाग लिया, उन्हें 15 अगस्त के अवसर पर प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक पथ परिवहन निगम रामपुर अनिल गुप्ता, कार्यवाहक तहसीलदार सुरेश नेगी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार नेगी, एएमओ डॉ. यशपाल राणा, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद बीआर नेगी, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी हेम लता, सीडीपीओ शशी ठाकुर, तहसील कल्याण अधिकारी कर्मवीर और एसडीओ विद्युत राजेश मुखिया सहित कई अन्य मौजूद रहे।