समाज शास्त्रीय विभाग ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर में शनिवार को समाज शास्त्र विभाग ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया बतौर मुख्यातिथि और उपप्राचार्य डॉ. विद्या बंधु नेगी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यातिथि और विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, राम स्तुति, शास्त्रीय नृत्य, राजस्थानी नृत्य, हास्य नृत्य, पहाड़ी नाटी, बुशहरी नाटी, एकल गीत, समूह नृत्य और किन्नौरी नाटी सहित अन्य प्रस्तुतियां पेश कीं। पहाड़ी गानों पर विद्यार्थी जमकर थिरके। समाज शास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ. प्रताप ठाकुर ने सभी का स्वागत किया। समाज शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. जयंती माला, प्रो. संगीता चौहान ने मुख्यातिथि और विशिष्ट अतिथि को स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समाजशास्त्र विभाग की समिति के अध्यक्ष मुनिश ने सभी का आभार प्रकट किया। इस मौके पर डॉ. टीडी वर्मा, प्रो. राजेश नेगी और अधीक्षक आरके ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे।