नेरवा (रोहड़ू)। करवाचौथ से एक दिन पहले नेरवा बाजार में खरीदारी के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से देर शाम तक बाजार में रौनक रही। ग्राहकों की आवाजाही से दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। साड़ी, कपड़ों, कॉस्मेटिक्स और आभूषणों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। महिलाओं ने चूड़ियां, कंगन, बिंदी, सिंदूर और सोलह शृंगार से जुड़ी अन्य वस्तुओं की खरीदारी की। इसके अलावा करवाचौथ पूजन के लिए करवे, छलनी और पूजा की थालियों की भी अच्छी मांग रही। करवाचौथ के मद्देनजर बाजार में जगह-जगह मेहंदी के स्टॉल लगाए गए थे, जहां महिलाएं और युवतियां मेहंदी लगवाने के लिए पहुंचीं। वहीं, मिठाई की दुकानों पर फेनी, मट्ठी और अन्य पारंपरिक पकवानों की मांग बढ़ी रही। बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही। बाजार में भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सतर्क रहे।