अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू।
बैंक खाते को आधार कार्ड से लिंक करवाने के नाम पर शातिर ने बैंक खाते से एक लाख 45 हजार रुपये की राशि उड़ा ली। बैंक से रुपये निकालने का मोबाइल फोन पर एसएमएस आने के बाद भुगतभोगी ने पुलिस थाना रोहड़ू में मामला दर्ज करवाया है।
टिक्कर उपतहसील की धराडा पंचायत के चालनी गांव के राजेंद्र सिंह पुत्र ओम प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आठ मार्च को उसके मोबाइल फोन पर अज्ञात व्यक्ति ने काल करके बताया कि उसका बैंक खाता आधार कार्ड ने लिंक नहीं है। बैंक खाते से लिंक करने के लिए अपना आधार कार्ड नंबर बताएं। काल करने वाले ने राजेंद्र को बताया कि वह बैंक से बोल रहा है। उसने बताया कि मोबाइल फोन पर एक ओटीपी नंबर आएगा। ओटीपी नंबर की जानकारी अभी वापस बैंक को बताना होगी। राजेंद्र ने बताया मोबाइल फोन पर आया ओटीपी नंबर भी ठग को बताया। इस प्रक्रिया के बाद बैंक खाते से 8, 17, 18 मार्च को एक लाख 45 हजार रुपए अज्ञात व्यक्ति ने निकाले लिए। इसका पता चलने पर उसने मामले की शिकायत पुलिस थाना रोहड़ू में की है।
अज्ञात को न दें जानकारी
पुलिस थाना रोहड़ू के प्रभारी रंजीत सिंह ने कहा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति को बैंक खाते, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड की डिटेल न बताएं। उन्होंने कहा डिटेल बताने पर ठग बैंक खाते पर सेंध लगा सकते हैं।