चुपचाप चाबी साथ ले गया था एक छात्र
एक्स्ट्रा क्लास लगाने के बाद घूमने निकले थे पांच विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
ब्रौ (रामपुर बुशहर)।
निरमंड खंड के अवेरी गांव के साथ शनिवार को हुए हादसे में काल का ग्रास बने सक्षम के परिजनों को क्या मालूम था कि उनका बेटा जो घर से एक्सट्रा क्लास लगाने स्कूल गया था वो अब कभी घर नहीं लौटेगा। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पपांच छात्र दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे डकोलढ़ स्थित एक निजी स्कूल से एक्सट्रा क्लास लगाकर निकले। एक छात्र परिवार के किसी सदस्य की कार की चाबी चुपचाप साथ लेकर आया था। लेकिन इसका उसके परिवार को पता नहीं था। वह कार में अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला। डकोलढ़ से ये छात्र दत्तनगर होते हुए बायल और बायल से रामपुर की ओर निकले थे। इसके चलते अवेरी गांव के पास हादसा हो गया। इसमें सक्षम (14) पुत्र राकेश शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। छात्रों के स्कूल से एक्सट्रा क्लास लगाने के बाद घूमने निकलने की सूचना उनके परिजनों को नहीं थी। दोपहर बाद जब इस हादसे की सूचना परिजनों को मिली तो घर में मातम का माहौल छा गया।