अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)।
जिला मुख्यालय रिकांगपिओ के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में अध्ययनरत ग्यारहवीं कक्षा के कॉमर्स का छात्र 11 मार्च से लापता है। कुछ समय तक परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की। कोई सुराग नहीं लगने पर छात्र के पिता सुखदास नेगी निवासी सापनी ने पुलिस थाना रिकांगपिओ में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना जिला मुख्यालय रिकांगपिओ से मिली जानकारी के मुताबिक छात्र 10 मार्च को कॉमर्स का पहला पेपर देने गया था। इसके बाद 11 मार्च को रिकांगपिओ बाजार गया था, जहां से वह वापस नहीं लौटा। छात्र के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 12 मार्च को पुलिस थाना रिकांगपिओ में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई है। अब तक फिलहाल लापता छात्र के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। हालांकि पुलिस ने जगह-जगह नाका लगाकर सभी थानों और चौकियों में लापता छात्र की फोटो जारी कर दी है। एसपी किन्नौर साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की। कहा कि लापता युवक को ढूंढने के लिए रिकांगपिओ से 20 जवानों की टीम को गठन किया गया है। यह टीम आसपास के जंगलों में जाकर तलाशी करेगी। कहा कि पुलिस मामले को लेकर गंभीर है।