ठियोग (रामपुर बुशहर)। पुलिस थाना ठियोग के तहत संधू पंचायत में नेशनल हाईवे पांच पर रविवार सुबह ट्रक ने एक गडरिया कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक संख्या एचपी 51 बी 0975 को कब्जे में लेकर चालक प्यारे लाल, निवासी निरमंड, जिला कुल्लू के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने चालक का मेडिकल करवाया और उसे हिरासत में लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे नेशनल हाईवे पर हादसा हुआ। मृतक की पहचान बलबंत सिंह (45) निवासी गांव उरनी, तहसील निचार, जिला किनौर के रूप में हुई है। बलबंत एनएच पांच पर अपनी भेड़, बकरियां के साथ जा रहा था। इस दौरान वह ट्रक के नीचे आ गया। हादसा इतना भयानक था कि शव देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। हादसे की सूचना मिलते ही ठियोग से पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी ठियोग बलबीर ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि ट्रक ने एक व्यक्ति को बुरी तरह से कुचल दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ठियोग लाया गया है।