रोहड़ू। उत्तराखंड के आराकोट से करीब एक किलोमीटर पहले दो युवक और एक व्यक्ति संदेहजनक परिस्थितियों में लापता हो गए। युवकों के कपडे़ पब्बर नदी के तट पर पत्थर के साथ मिले हैं। उत्तराखंड पुलिस की टीम और रोहड़ू से एसडीएम बीआर शर्मा सहित डीएसपी अनिल शर्मा मामले की जांच कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चिड़गांव तहसील के दली गांव निवासी मंजीत सिंह (28) पुत्र प्रेम नाथ, गोबिंद पुत्र (27) सूरत राम निवासी दली, जुब्बल तहसील के झगटान पंचायत के कोठू का युवक सुरेंद्र (38) पुत्र राम लाल वीरवार को घर का कुछ सामान लेने के लिए उत्तराखंड के त्यूणी को पिकअप लेकर निकले थे। दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे जब परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो कोई जवाब नहीं मिला। शाम के समय गांव के लोग तलाशी के लिए त्यूणी की ओर निकले तो हिमाचल की सीमा सनैल से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क के किनारे उनकी पिकअप खड़ी मिली। शुक्रवार सुबह दोबारा गांव के लोग तलाशी के लिए मौके पर गए तो तीनों के कपडे़ पब्बर नदी के तट पर मिले। उसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद उत्तराखंड से मोरी व त्यूणी की पुलिस टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस थाना जुब्बल से पुलिस की टीम को मौके पर भेजा गया। दोनों राज्य से पुलिस व प्रशासन की टीमें लापता युवकों की तलाशी के लिए ग्रामीणों के साथ जुट गई हैं। देहरादून से पानी के तलाशी के लिए गोताखोर की टीम बुलाई गई है। उत्तराखंड के मोरी पुलिस थाना प्रभारी दीपक कुमार ने कहा कि युवकों की जेब से करीब 29 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन मिले हैं। डीएसपी अनिल शर्मा ने बताया कि युवकों के नदी में डूबने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू पर जांच में उत्तराखंड पुलिस का सहयोग कर रही है।