नारकंडा में 11 ग्राम चिट्टे के साथ युवक धरा
शिल्ली-कांदली सड़क पर गश्त के दौरान पुलिस को मिली सफलता
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जकर शुरू की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। नारकंडा के समीप पुलिस ने 11 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। शिल्ली-कांदली सड़क पर गश्त के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस चौकी नारकंडा से मिली जानकारी के अनुसार नारकंडा के समीप पुलिस की टीम गश्त पर थी। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी की जा रही थी। ऐसे में नारकंडा की तरफ से आने वाली एक पिकअप नंबर 63 ए - 9211 को चैक करने के लिए रोका गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान चालक राजू चौहान (28) गांव मधुबन, डाकघर भुट्टी, तहसील कुमारसैन की गाड़ी से जांच के दौरान पिकअप के डैशबोर्ड के अंदर एक सिगरेट की डिब्बी से सफेद रंग का प्लास्टिक का लिफाफा बरामद किया। इसमें करीब 11 ग्राम चिट्टा था। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं इस संबंध में डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने कहा कि नारकंडा के समीप रविवार देर शाम को पुलिस की टीम ने एक युवक को 11 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की नशे के खिलाफ छेड़ी मुहिम लगातार जारी रहेगी।