गुज्जर बस्ती जलारा में नाबालिग के अपहरण का प्रयास
लड़की के चिल्लाने की आवाजें सुनकर जागे परिजन, आरोपी हुए फरार
मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने शुरू की अपहरणकर्ताओं की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा (रोहड़ू)। गुज्जर बस्ती जलारा में एक नाबालिग के अपहरण के असफल प्रयास का मामला सामने आ आया है। पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम नाबालिग लड़की अपने घर में सोई हुई थी। इस दौरान नेरवा के तरशाणु निवासी सद्दाम अपने दो अन्य साथियों के साथ लड़की के घर पर आया तथा लड़की को जबरदस्ती उठाकर घर से ले गया। घर से करीब साठ से सत्तर फीट दूर नाले में नाबालिग के चिल्लाने की आवाजें आईं। शोर सुनाई पर लड़की का पिता जाग गया तथा लड़की को बचाने के लिए भागा। पिता को आता देख अपहरणकर्ताओं लड़की को छोड़कर मौके पर भाग गए। लड़की के पिता ने घटना की जानकारी नेरवा पुलिस थाना में दी। पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 452, 363, 366 ऐ, 323, 506 व 34 के तहत मामला दर्ज कर अपहरणकर्ताओं की तलाश आरंभ कर दी है। सद्दाम के दो अन्य साथियों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
डीएसपी चौपाल संतोष शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नाबालिग के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही उन्हें हिरासत में ले लिया जाएगा।