ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। ज्यूरी में नेशनल हाईवे से तीन चोरों को पुलिस ने चोरी के सामान सहित रामपुर में धर दबोचा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे पांच में कटिंग के चलते ये क्रैश बैरियर खोल कर सड़क के किनारे रखे थे, जिसे बुधवार रात को चोरों ने नेशनल हाईवे से चोरी कर लिया था। नेशनल हाइवे प्राधिकरण ज्यूरी के जेई उमेश लारजू ने इसकी लिखित शिकायत ज्यूरी पुलिस चौकी में की। पुलिस ने रामपुर में नाका लगाकर तीनों आरोपियों को सामान सहित पकड़ लिया है। आईओ मनोज कुमार ने बताया कि बुधवार को सामान चोरी हुआ और रात को ही उन्हें रामपुर पुलिस ने नाके में पकड़ लिया था। उसके बाद जेई नेशनल हाईवे ने एफआईआर दर्ज करवाई थी। इन क्रैश बैरियरों की कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई जा रही है। डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को एक दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया है। जहां उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।