कोटखाई (रोहड़ू)। थरोला पंचायत के अंतर्गत रौणी गांव में बागीचे से फैली आग से एक गाय जिंदा जल गई है। इसके अलावा सेब के करीब 150 फलदार पौधे तथा घास की छह टोलियां भी आग की भेंट चढ़ी है। बागीचे में आग लगाने वाले के खिलाफ पुलिस थाना कोटखाई में मामला दर्ज किया गया है। हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर के समय रौणी गांव निवासी बालकृष्ण अपने बागीचे में झाड़ियां जला रहा था। इसी दौरान आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग की लपटे गांव के पास घास की टोलियों में फैल गई। आग की लपटों में रौणी गांव निवासी जोहन लाल शर्मा की गाय जिंदा जली है। स्थानीय निवासी संदीप शर्मा, मोही पाल शर्मा के बागीचों में सेब के 150 फलदार पौधे भी आग की भेंट चढ़ गए हैं। शनिवार दोपहर बाद दमकल वाहन ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। रविवार को दिन भर दमकल वाहन घासनी में फैली आग को बुझाता रहा। पुलिस ने रौणी गांव निवासी बालकृष्ण के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाना कोटखाई के एएसआई रणजीत ने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है कि रौणी गांव निवासी बालकृष्ण अपने बागीचे में झाड़ियां जला रहा था। इस दौरान आग फैली और इससे सेब के पौधे व एक गाय जिंदा जली है। घास की टोलियां भी आग में जली है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।