अमर उजाला ब्यूरो
कोटखाई।
वन विभाग की टीम ने तहसील कोटखाई के शिला गांव की वन बीट के कदई जंगल में देवदार की 22 कड़ियां एक वाहन से बरामद की है। जंगल में देवदार के चार पेड़ काटे हुए मिले। पेड़ों की बची अन्य लकड़ी मौके से पहले ही उठाई जा चुकी थी। वन विभाग की ओर से कोटखाई पुलिस थाने में मामला दर्ज कर दिया गया है। आरोपी भनक लगने के बाद मौके पर से फरार हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिला गांव वन बीट में वनरक्षक टीम रविवार को दिन के समय जंगल के दौरे पर थी। दिन के समय वनरक्षक को जंगल में देवदार की कुछ लकड़ियां छुपाई मिली। वन विभाग की टीम ने रविवार रात के समय बीओ धर्म सिंह, वनरक्षक मनोज कुमार व नीरज हरनोट के साथ नाकेबंदी की। वन विभाग की टीम कदई के जंगल के पास सड़क में पहुंची तो वहां एक छोटे ट्रक में लकड़ी भरी जा रही थी। इसमें करीब 15 लोग शामिल थे। वन विभाग की टीम ने मौके पर देवदार की 22 कड़ियों के साथ ट्रक को कब्जे में लिया है। ट्रक तक लकड़ी पहुंचाने वाले आरोपी भनक लगने के बाद मौके से फरार हो गए। पकड़ी गई लकड़ी की कीमत करीब एक लाख दस हजार रुपये है, जबकि करीब डेेढ़ लाख की लकड़ी मौके से उठ चुकी थी। उधर, वन रेंज ऑफिसर श्यामा नंद शर्मा ने बताया कि वन विभाग की ओर से सोमवार को कोटखाई पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने लकड़ी सहित ट्रक को कब्जे में लिया है। पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश कर रही है।