दलाश (कुल्लू)। आनी उपमंडल के दलाश क्षेत्र में इन दिनों जंगल धू-धू कर जल रहे हैं। इसके तहत गोहाण गांव में मंगलवार को जंगल से पहुंची आग को बुझाते समय दो महिलाएं इसकी चपेट में आ गई। इससे एक महिला 80 प्रतिशत तक झुलस गई, जिसे दलाश अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया, जबकि दूसरी महिला का उपचार सीएचसी दलाश में चल रहा है।
दलाश क्षेत्र के गोहाण और सोईधार गांव के साथ लगते जंगलों में आग फैली हुई है। आग से लाखों की वन संपदा जल कर नष्ट हो गई है। वन विभाग इस आग पर काबू पाने में असफल साबित हो रहा है। इससे मंगलवार को गोहाण गांव में जंगल से आग पहुंच गई थी। इसी बीच नीना देवी पत्नी राजेश कुमार और गीता देवी पत्नी नरेश कुमार ने उनके घरों के पास आ रही आग को बुझाने की कोशिश की। इससे नीना देवी और गीता देवी आग की चपेट में आ गई। दलाश सीएचसी के प्रभारी डॉ. प्रवीण चौहान ने बताया कि आग की चपेट में आई दो महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। इनमें से एक महिला को गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है, जबकि दूसरी महिला का उपचार दलाश अस्पताल में चल रहा है। डीएफओ लूहरी वीके अग्रवाल ने बताया कि विभाग जंगलों में लगी आग को बुझाने के लिए प्रशासन की टीम भेजी गई है। नुकसान का आकलन कर जल्द पुलिस में मामला दर्ज किया जाएगा। एसडीएम आनी पंकज शर्मा ने कहा कि आग से झुलसी महिलाओं को पांच-पांच हजार रुपये की राहत राशि जारी की गई है।