कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई में वीरवार शाम एक और गुड़िया का तीन युवकों ने अपहरण कर लिया। गुड़िया स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर जा रही थी। स्कूल गेट के पास ही युवकों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बिठा लिया और वहां से फरार हो गए। स्कूल शिक्षकों ने वाहन से ही आरोपियों की गाड़ी का पीछा किया और कुछ दूरी पर गाड़ी को रोक कर छात्रा को आरोपियों के चंगुल से छुड़ा लिया। आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया है। शुक्रवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। इन्हें वहां से चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। सभी आरोपी विकासनगर, शिमला के रहने वाले हैं।
वीरवार शाम को स्कूल से छुट्टी होने के बाद छात्रा घर जाने के लिए निकली तो स्कूल गेट के पास सौरव ठाकुर, शिवम वशिष्ठ और साहिल पुंटा निवासी विकासनगर, शिमला ने उसे गाड़ी में बैठने के लिए कहा। इनकार करने पर उसे जबरदस्ती गाड़ी में बिठा लिया और थरोला संपर्क मार्ग की ओर चले गए। स्कूल के दूसरे छात्रों ने घटना की पूरी सूचना शिक्षकों को दी। इसके बाद शिक्षकों ने युवकों की गाड़ी का पीछा किया। शिक्षकों ने करीब एक किलोमीटर आगे बागा पुल के पास गाड़ी को रोक लिया। शिक्षकों ने छात्रा को युवकों के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर युवकों के गिरफ्तार किया। युवकों के खिलाफ छात्रा को अगवा करने का मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने के बाद युवकों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस थाना कोटखाई के थाना प्रभारी परमजीत ने बताया कि पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
0000