कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन थाना क्षेत्र के जरोल के तहत एक नेपाली मूल की आठ वर्षीय बच्ची को अगवा करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नेपाल मूल की महिला जो कोटगढ़ के जरोल निवासी साहिब सिंह के घर काम करती है, उसने लिखित शिकायत में कहा कि उनकी बच्ची रविवार को नाल्टीनाला में दुकान से सामान लेने गई थी। जब वह अपने घर वापस आने लगी तो एक व्यक्ति ने उसके साथ रास्ते में यौन उत्पीड़न के लिए जबरदस्ती कार में बैठाने की कोशिश की। खींचातानी में जब बच्ची ने चिल्लाना शुरू किया तो आरोपी उसको लेकर फरार हो गया। उसके बाद जब बच्ची रोते हुए घर पहुंची तो उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई। मां ने यह बात अपने मालिक को बताई, जिसके बाद पुलिस मे शिकायत दर्ज की है। उधर, डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी अंकुश (25), गांव आलड़ी, डाकघर बटाड़ी, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 ए और पोक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।