ठियोग (रामपुर बुशहर)। ऊपरी शिमला के मुख्यद्वार ठियोग में कोरोना वायरस को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सकर्त है। 17 अप्रैल को पंजाब के मजीठा से तीन लोग ठियोग आ गए। हालांकि इनके पास अनुमति पत्र था। दूसरे राज्य से हिमाचल आए तीन में से एक व्यक्ति होम क्वारंटीन के बावजूद बाजार में सामान खरीदते हुए देखा गया। इस पर ठियोग पुलिस ने धारा 188 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी ठियोग कुलबिंद्र सिंह ने बताया कि जितेश नाम का युवक जोकि ताज होटल का कर्मी है वह अपनी पत्नी रिचा और मां कुलबंत कौर के साथ ठियोग आ गया। बाहरी राज्य से आने के बाद इन्हें होम क्वारंटीन में ही रहना था, लेकिन जितेश बाजार में सामान लेने निकल गया। होम क्वारंटीन की उल्लंघना पर अब ठियोग पुलिस ने मामला दर्ज कर सिविल अस्पताल में तीनों का चेकअप करवाने के बाद अब उन्हें घर में ही रहने की हिदायत दी है।