मेले से परिजनों के साथ घर लौट रहे युवक की पीटा
पीड़ित ने कराली डंसा के कुछ युवकों पर लगाया आरोप
पुलिस थाना झाकड़ी में मामला दर्ज, छानबीन आरंभ
अमर उजाला ब्यूरो
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। पुलिस थाना झाकड़ी के तहत आने वाले धारगौरा में कुछ युवकों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को झाकड़ी पुलिस थाना में अक्षय जोशी (22), पुत्र स्वर्गीय पद्म दास जोशी, गांव धारगौरा ने शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में अक्षय ने कहा कि 24 अगस्त को वे मेला देखने के लिए वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धारगौरा गया था। शाम के समय जब वह मेला मैदान से अपनी बुआ किरण, बहन पल्लवी के साथ वापस घर आ रहा था तो गेट पर 5-6 लड़कों ने उसका रास्ता रोक कर उसके साथ धक्कामुक्की और मारपीट की। मारपीट करने वाले सभी लड़केकराली डंसा के रहने वाले हैं। मारपीट से उसके सिर, गले, नाक, आंख, बाईं टांग और बाएं हाथ के अंगुठे में चोट आई है। मारपीट के दौरान बुआ किरण और बहन पल्लवी ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। वहीं डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। झाकड़ी थाने के आईओ द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।