रोहड़ू निवासी ने सोलन के अर्की में बेचा था ट्रक, पुलिस ने शुरू की केस की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। उपमंडल में ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक रोहड़ू के लंबाखाटल निवासी लाल सैन ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह ट्रक नंबर एचपी 24बी-2175 एलपी 1613 का मालिक है। उसने यह ट्रक 6/9/2022 को शपथ पत्र के माध्यम से मीरा देवी पत्नी अछरू राम निवासी ग्राम मतराच डाकघर बैरल तहसील अर्की जिला सोलन को दिया है। उसे बाद जानकारी मिली है कि मीरा देवी ने ट्रक की नंबर प्लेट बदलकर दूसरी नंबर प्लेट एचपी 11सी 2411 लगा दी है।
दो दिन पहले 20 फरवरी को लाल सैन के दोस्त ने उसे बताया कि यह ट्रक चंडीगढ़ से खाद लेकर निरमंड जा रहा है। इस सूचना पर लाल सिंह और उसका दोस्त अली मोहम्मद निरमंड पहुंचे। उसे वाहन नंबर एचपी 11सी 2411 एलपी 1613 खाद की दुकान पर खड़ा पाया। इसकी जानकारी थाना निरमंड को देने के बाद जब पड़ताल की गई तो वाहन संख्या एचपी11 सी 2411 एलपी 1613 के चेसिस नंबर और इंजन नंबर उनके वाहन एचपी 24बी 2175 एलपी 1613 के आरसी में दिखाए गए चेसिस नंबर और इंजन नंबर से मेल खा गया। इसके बाद लाल सैन ने इसकी शिकायत पुलिस थाना रोहड़ू में दर्ज करवाई। डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।