कोटखाई (रोहडू)। कोटखाई बाजार के समीप जलटार गांव में चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर लाखों के गहनों के साथ ही एक बंदूक और पिस्टल भी चुरा ली। बताया जा रहा है कि घर के मालिक पिछले पंद्रह दिनों से पंचकुला गए थे। इसी दौरान शातिरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक नेपाली मजदूर ने वीरवार को दिन के समय मकान मालिक देविंद्र सावंत को सूचना दी कि दिन के समय जब गाय के लिए पानी भरने के लिए गया तो उसने घर में ताले टूटे देखे। इसके अलावा इसी गांव में संतोष देवी के पुश्तैनी घर में भी ताले टूटे पाए गए। संतोष परिवार के साथ गांव में नए घर में रह रही है। चोरों ने संतोष के घर से सोने और चांदी के गहने चुराए हैं।
वहीं शातिर बाग डुमैहर पंचायत के पूर्व प्रधान देविंद्र सावंत के घर से एक लाइंसेंसी पिस्तौल और बंदूक भी चुरा ली है। सूचना के बाद पुलिस थाना कोटखाई से पुलिस की टीम मौके पर पंहुची। डीएसपी ठियोग ने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की है। डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने चोरी की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।