नलाटी स्टेडियम में क्रिकेट का रोमांच शुरू
. मुख्यातिथि ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, विजेता टीम को मिलेगी तीन लाख इनामी राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थल सराहन के खूबसूरत नलाटी स्टेडियम में क्रिकेट महाकुंभ शुरू हो गया है। रविवार को सराहन पंचायत प्रधान सोहन पांटु ने रिबन काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। हिमालयन क्लीन फाउंडेशन के अध्यक्ष मानस गुलाटी और अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का जोरदार स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने आयोजक कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समय-समय पर होने चाहिए। इससे जहां खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने का मौका मिलता है, वहीं खिलाड़ियों में अनुशासन, भाईचारे की भावना को बढ़ावा मिलता है। खेलों से नशे जैसी कुरीतियों को भी दूर किया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल को खेल की भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया और नशामुक्त समाज निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। आयोजक कमेटी के अध्यक्ष मानस गुलाटी ने कहा कि क्रिकेट के अलावा वॉलीबॉल, रस्साकशी, मैराथन का भी आयोजन होगा। खेल महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक उत्सवों को बढ़ावा देना है। महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। खेल, संस्कृति, सामाजिक सरोकार, पर्यावरण और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में खिलाड़ियों के साथ महिला मंडलों को भी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता टीम को तीन लाख रुपये और उपविजेता को एक लाख, 11 हजार रुपये की राशि से नवाजा जाएगा। वहीं, पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विजेता को 51 हजार और उपविजेता को 21 हजार रुपये मिलेंगे। महिला मंडलों की रस्साकशी प्रतियोगिता में विजेता को एक लाख रुपये नकद पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा मैराथन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 5100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।