क्रिकेट किट, हेलमेट, बैट, बॉलिंग मशीन का सामान समेत प्रशिक्षण सामग्री गायब
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
दत्तनगर स्थित साई क्रिकेट अकादमी के स्टोर रूम से क्रिकेट और प्रशिक्षण का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। अकादमी के मुख्य कोच साहिल सानी के अनुसार चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब दो से तीन लाख रुपये है। मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साहिल सानी ने बताया कि चोरी हुए सामान में क्रिकेट किट बैग, हेलमेट, क्रिकेट बैट, करीब 100 ड्रिल बॉल, बॉलिंग मशीन का सामान और विशेष बॉल, प्लास्टिक बॉल, विकेट, कोन्स, फिटनेस लैडर्स सहित अन्य प्रशिक्षण सामग्री शामिल है। उन्होंने कहा कि यह सामान केवल आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण नहीं था, बल्कि अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों की मेहनत और भविष्य से जुड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि पुलिस को कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी दी गई है और उम्मीद जताई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्य कोच ने कहा कि अकादमी में छह वर्ष से अधिक उम्र के बच्चे क्रिकेट प्रशिक्षण लेकर अपने भविष्य को संवारने के लिए आते हैं। ऐसे में प्रशिक्षण स्थल से सामान चोरी होना खिलाड़ियों के लिए भी बड़ा झटका है।