ब्रांदली में क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू, बरसेंगे चौके-छक्के
विजेता टीम को एक लाख नकद राशि और ट्रॉफी से किया जाएगा सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। चतरखंड क्रिकेट क्लब ब्रांदली ब्रिज व्यू स्टेडियम ब्रांदली खड्ड में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। शुक्रवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन पहला मैच जेडीबीई दलोग और नेगी ब्रदर्स जौणी के मध्य खेला गया। जौणी ने पहले खेलते हुए निर्धारित 10 ओवर में 90 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दलोग टीम के रोनी चौहान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 60 रन बनाए, लेकिन मैच नहीं जीता पाए और रोमांचकारी मैच में एक रन से टीम हार गई। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर समाजसेवी महेंद्र ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। आयोजक कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। मुख्यातिथि ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए क्लब को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलकूद से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। क्लब के अध्यक्ष लायक राम पौंड ने कहा कि यह प्रतियोगिता ग्रामीण स्तरीय है और लेदर फॉमेट पर करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि विजेता टीम को एक लाख नकद राशि और ट्रॉफी से नवाजा जाएगा। उपविजेता टीम को 50 हजार और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक इनामों से पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके पर उपप्रधान लक्की चौहान, सहसचिव सन्नी पालसरा, कोषाध्यक्ष अनिल बिष्ट, सहकोषाध्यक्ष सुनील पौंड, मुख्य सलाहकार जोगेंद्र पालसरा, मीडिया प्रभारी मोनू बिष्ट और पंकज पौंड सहित कई अन्य मौजूद रहे।