आनी कॉलेज में आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा में भाग लेते विद्यार्थी। स्रोत: कॉलेज प्रबंधन
. पहले स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को मिलेगी 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति
. 20वें स्थान तक के विद्यार्थियों को भी मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज़ एजेंसी
आनी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय आनी, हरिपुर में क्रिएटिव अकादमी शिमला ने छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया। इसमें 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करना तथा आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाना था। अकादमी की ओर से परीक्षा में शामिल सभी विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत छात्रवृत्ति दी जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 100 प्रतिशत, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 80 प्रतिशत और तीसरे से 20वें स्थान तक के विद्यार्थियों को 60 प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए कॅरिअर काउंसिलिंग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें विभिन्न कॅरिअर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन अकादमी की ओर से निपुल दिल्टा और प्रीतिका भारद्वाज ने किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दयाल राम ठाकुर ने इस पहल के लिए अकादमी की टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और अपने भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने में मददगार साबित होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।