आनी में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते माकपा कार्यकर्ता। स्रोत : माकपा
. नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकार की नीतियों पर प्रहार
. 24 मार्च को दिल्ली में बड़े आंदोलन का किया एलान
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने आनी में अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने आनी के न्यू बस अड्डे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर करीब दो घंटे तक चक्का जाम किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नुक्कड़ नाटक के जरिये सरकार की नीतियों पर प्रहार किया और किसानों, बागवानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया। साथ ही 24 मार्च को दिल्ली में बड़े आंदोलन का एलान किया। माकपा के प्रभारी प्रताप ठाकुर ने कहा कि माकपा हमेशा किसानों, बागवानों और ग्रामीणों की हितेषी पार्टी रही है और समय-समय पर जनता के अधिकारों के लिए आवाज उठाती रही है। पार्टी के आह्वान पर पूरे देश और हिमाचल प्रदेश में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनता को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 24 मार्च को दिल्ली में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ एक बड़ा विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश भर से सैकड़ों लोग भाग लेंगे। प्रदेश के मुख्य वक्ता और पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश भर में हजारों अवैध कब्जाधारियों को नोटिस जारी किए गए हैं और बेदखली के आदेश दिए जा रहे हैं, जो कि पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा कि इन आदेशों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश के किसान एकजुट हो चुके हैं और अब सरकार की मनमानी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में किसानों का भला चाहती है, तो कृषि क्रेडिट कार्ड का सारा ऋण माफ किया जा सकता था, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने किसानों को कोई राहत नहीं दी है। प्रदेश में भी किसान बेदखली के डर से चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 और 2025 में आई प्राकृतिक आपदाओं के कारण आनी क्षेत्र की कई पंचायतों में गांव और कृषि भूमि को भारी नुकसान हुआ था। इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा नहीं दिया और जिन परिवारों के घर उजड़ गए, उन्हें आज तक घर निर्माण के लिए कोई आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं करवाई गई है। इससे प्रदेश की जनता में रोष बढ़ता जा रहा है। धरना-प्रदर्शन के दौरान माकपा कार्यकर्ताओं ने नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया, जिसमें किसानों और आम लोगों के साथ हो रहे अन्याय, केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर व्यंग्यात्मक और प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। इस प्रस्तुति से जहां लोगों का मनोरंजन हुआ, वहीं सरकार की नीतियों पर भी तीखा प्रहार किया गया। प्रदर्शन में माकपा के राज्य नेता एवं शिमला के पूर्व मेयर संजय चौहान, प्रताप ठाकुर, गीता राम सहित कई अन्य मौजूद रहे।