रामपुर के समिति हॉल में आयोजित बैठक के दौरान उपस्थित पंचायत सचिव: संवादरामपुर के समिति हॉल में
पंचायत सचिवों को एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान दिए निर्देश
रामपुर की 40 में से 32 पंचायतों में 28 तक होगा पुनरीक्षण
नई पंचायतों के पुनर्गठन के चलते मतदाता सूची में नाम दर्ज करने को जल्द घोषित होगी तिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और सूची से नाम हटाने के प्रक्रिया चलाई है। 28 मार्च तक रामपुर की 32 पंचायतों के मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना होगा। नई पंचायतों के गठन के चलते शेष आठ पंचायतों की मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करवाने की तिथि जल्द घोषित होगी। शुक्रवार को पंचायत समिति सभागार रामपुर में पंचायत सचिवों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता एसईबीपीओ रामपुर चमन लाल ने की। उन्होंने बताया कि विकास खंड रामपुर के तहत तीन पंचायतों शाहधार, शिंगला और बाहली का विभाजन कर तीन नई पंचायतों रंगोरी, नोगली-कलना और पलजारा का गठन किया गया है। इस प्रकार विकास खंड रामपुर में पंचायतों की संख्या 37 से बढ़कर 40 हो गई है। प्रदेश सरकार ने अधिसूचना जारी कर पंचायत गोपालपुर से बसाहरा को हटाकर पंचायत सनारसा में सम्मिलित किया है, जिससे सीधे रूप से पंचायत और गोपालपुर के वार्डो का पुन: सीमांकन और गठन किया गया। इस प्रकार विकास खंड रामपुर में 8 पंचायतों शाहधार, रंगोरी, गोपालपुर, सनारसा, शिंगला, नोगली-कलना, बाहली और पलजारा को छोड़कर शेष 32 पंचायतों की मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करने के लिए 28 मार्च तक आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए शिविर में पंचायत सचिवों को बताया गया कि उन्हें किस प्रकार से काम करना है और इसके लिए कौन-कौन दस्तावेज जरूरी होंगे। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने उपमंडल के सभी लोगों से आह्वान किया है कि पंचायती राज चुनाव को लेकर मतदाता सूचियों को अपडेट किया जा रहा है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके और 1 अप्रैल को 18 वर्ष की आयु पूरा करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने का आह्वान किया है। उन्होंने 28 मार्च से पूर्व नाम पंचायतों में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण करने, नाम दर्ज कराने को कहा है। उन्होंने नए मतदाताओं से फॉर्म नंबर दो भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि उपमंडल में नई पंचायतों का पुनर्गठन किया गया है। इन आठ पंचायतों में इन दिनों वार्ड बंदी का कार्य चल रहा है, जिसे देखते हुए मतदाता सूचियों की जांच और नाम दर्ज करने की तिथि जल्द निर्धारित होगी।