रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिले में मंगलवार को कोविड-19 कोरोना संक्रमण के 7 नए मामलेे सामने आए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि जिले में मंगलवार को कोविड-19 के 180 सैंपल लिए गए, जिनमें से 7 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 92 की निगेटिव आई हैं। 81 लोगों के सैंपल जांच के लिए आईजीएमसी शिमला भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट बुधवार सायं तक आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पॉजिटिव आने वालों की आयु 22 से 60 वर्ष के बीच है। पॉजिटिव आने वालों में सभी महिलाएं ही हैं। पॉजिटिव आने वालों में खवांगी गांव की 60 वर्षीय महिला, 30 वर्षीय महिला ठंगी से, 22 और 65 वर्षीय 2 महिलाएं सापनी से, 48 वर्षीय महिला किल्बा, 24 और 60 वर्षीय 2 महिलाएं निचार के ग्रादे गांव से संबंधित हैं। डॉ. नेगी ने बताया कि जिले में अब तक कोविड-19 के 16966 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें 1280 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें से 1190 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि जिले में अभी संक्रमण के 74 मामले सक्रिय हैं। कोरोना संक्रमण से जिले में अब तक 16 रोगियों की मौत हो चुकी है।