रिकांगपिओ(किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में मंगलवार को 132 कोरोना सैंपल लिए गए, जिसमें चार मजदूरों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। मुख्य चिकित्सक अधिकारी किन्नौर डॉ. सोनम नेगी ने कहा कि पूह में सीमा सड़क संगठन के मजदूर जो बाहर से आए हैं, उन्हें पहले से ही आइसोलेशन में रखा गया था। मंगलवार को इन 129 मजदूरों का कोरोना सैंपल लिया गया, जिनमें से 4 मजदूर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं रिकांगपिओ बाजार में भी तीन सैंपल लिए गए, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। जिले में अब 201 कोरोना संक्रमित मामले और 16 केस एक्टिव हैं। साथ ही जिले में मंगलवार तक 183 कोरोना संक्रमित रिकवर भी हुए हैं। सीएमओ ने कहा है कि इन मजदूरों को पहले से ही आइसोलेशन में रखा गया था। ऐसे में पूह के ग्रामीणों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि उन्होंने जनता से सामाजिक दूरी और मास्क का प्रयोग करने सहित बार-बार हाथ साबुन से धोने की अपील की है ताकि कोरोना संक्रमण से बचाव हो सके।