आनी (कुल्लू)। आनी के खोबड़ा में पाए गए दस कोरोना पॉजिटिव लोगों की फॉलोअप रिपोर्ट आ गई है। इनमें से छह की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि दो अभी भी पॉजिटिव हैं। वहीं, दो की रिपोर्ट इनकनक्लूसिव है। बीएमओ आनी डॉ. ज्ञान ठाकुर ने बताया कि इन सभी कोरोना पॉजिटिव लोगों के वीरवार को कोविड-19 के सैंपल लिए गए थे, जिसकी रिपोर्ट शिमला से आ गई है। गौरतलब है कि उपमंडल मुख्यालय आनी के साथ लगते खोबड़ा गांव के बाप-बेटा और बहू करीब 19 दिन पहले आईजीएमसी शिमला में इलाज के लिए गए थे। यहां उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद आनी में उनके संपर्क में आए 20 लोगों के टेस्ट किए गए थे। इनमें एक साथ 10 लोग कोरोना पॉजिटिव आए थे। डॉ. ज्ञान ठाकुर ने बताया कि कोरोना की फॉलोअप रिपोर्ट में फिर से पॉजिटिव आए दोनों लोगों और जिन दो लोगों की रिपोर्ट इनकनक्लूसिव आई है, उनके एक बार फिर टेस्ट लिए जाएंगे। अभी ये सभी लोग खोबड़ा में ही होम आइसोलेट किए गए हैं। इनमें से किसी में भी कोरोना संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं। उन्होंने बताया कि इनके अलावा 14 अन्य लोगों के सैंपल भी लिए गए थे, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।