नेरवा के 16 जमाती वापस घर पहुंचे, क्वारंटीन सेंटर भेजा
हरियाणा के मेवात में लॉकडाउन के बाद फंस गए थे सभी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहडू(नेरवा)। हरियाणा के मेवात जिला में एक तबलीगी जमात में हिस्सा लेने के लिए नेरवा तहसील से गए 16 जमातियों की वीरवार को पांच माह के पश्चात घर वापसी हुई है। नेरवा के तरशाणू गांव के नौ जमाती अभी भी मेवात में ही रह रहे हैं। सभी लोगों की चार महीने की जमात के बाद एक अप्रैल को वापसी होनी थी। कोविड-19 संकट के चलते 25 मार्च से समूचे देश में लॉक डाउन की घोषणा से जमाती मेवात में ही फंस गए। मेवात के प्रशासन की ओर से नेरवा पहुंचने वाले 16 जमातियों को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल फिरोजपुर में 28 दिन के लिए इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन कर दिया गया। 28 दिन की कोरोंटाइन अवधि समाप्त होने एवं इन का स्वास्थ्य चेकअप होने के बाद इन्हें घर भेजने की अनुमति प्रदान होगी। प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार नेरवा के इन 16 जमातियों के साथ मंडी जिला के सात जमाती भी अपने घर पहुंचे हैं । नेरवा पहुंचे इन 16 जमातियों मे गांव कुठाड़, ग्राम पंचायत मानू भाविया से छह, गांव मूलशाक, ग्राम पंचायत पुजारली से चार, गांव दाछी, ग्राम पंचायत पौड़िया से चार एवं गांव जलारा, ग्राम पंचायत पुजारली से दो लोग शामिल हैं । नेरवा पहुंचने पर इन सभी जमतियों को प्रशासन की ओर से विशेष हिदायतों के साथ क्वारंटीन पर भेज दिया गया है। इन सभी जमातीयों की परवाणू शोघी, गिरिपुल और नेरवा मे गहन जांच एवं स्क्रीनिंग की गई है।