रामपुर बुशहर। उपमंडल में कोरोना वायरस से बचने के लिए मंगलवार से निजी बसों में भी सैनिटाइजर से सवारियों के हाथ धुलाए जाएंगे। यह निर्देश रामपुर आरटीओ कार्यालय में आयोजित बैठक में आरटीओ तुलाराम ने सभी बस चालकों और परिचालकों को दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से बचने के लिए पोस्टर के माध्यम से बसों में लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा सभी निजी बसों में छिड़काव और उन्हें साफ-सुथरा रखा जाएगा। सैनिटाइजर हर निजी बसों में उपलब्ध होंगे। इस अभियान को लेकर टीम का गठन किया जाएगा, जिसमें उनकी जिम्मेदारी होगी कि वह सवारियों को साबुन से हाथ धोने के बारे में जानकारी देंगे। यह टीम हर सवारी पर नजर रखेगी कि किस को खांसी आ रहा है और कौन छींक मार रहा है। चालक और परिचालक भी मास्क और गलब्ज पहनकर ड्यूटी देंगे। बैठक में आरएम रामपुर गुरबचन सिंह विशेष तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने भी चालक-परिचालकों को करोरोना वायरस को लेकर सतर्क रहने की बात कही।